बस्ती (रुधौली)
जनपद बस्ती के नगर पंचायत रुधौली के गांधीनगर वार्ड स्थित मिश्रा मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिश्रा इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के पीछे प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए, जिससे लगभग 40 से 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना देकर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका।
वहीं, सूचना मिलते ही पीआरबी 112 और रुधौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
अग्निशमन विभाग के प्रभारी उप निरीक्षक अरविंद सिंह राणा ने बताया कि आग बुझाने में स्थानीय लोगों का सहयोग काफी सराहनीय रहा, जिसकी मदद से बड़ी घटना को और गंभीर होने से रोका जा सका।
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
