टूटी सड़क पर स्नान, शंखनाद से विरोध: खलीलाबाद में प्रदर्शनकारियों का अनोखा तरीका, जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

संतकबीरनगर: जनपद मुख्यालय खलीलाबाद स्थित नगरपालिका परिषद खलीलाबाद के तितौवा रेलवे क्रासिंग से रेलवे स्टेशन होते हुए बिधियानी मोड़ पर मुखलिसपुर रोड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली पर नेताओं और अधिकारियों द्वारा लगातार दिए जा रहे झूठे आश्वासनों से आजिज आकर मुहल्ले वासियों ने सामाजिक कार्यकर्ता गोरखनाथ मिश्र, छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सौरभ सिंह व गोलू वर्मा के नेतृत्व में अनोखा प्रदर्शन किया।
दर्जनों युवाओं और बुजुर्गों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय के सामने शंख बजाकर और पानी से भरे सड़क के गड्ढे में स्नान करके अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार गोरखनाथ मिश्र ने बताया कि यह सड़क नेताओं के आपसी खींचतान का शिकार बन चुकी है और स्थानीय जनप्रतिनिधि एक दूसरे पर दोषारोपण करके अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष, सदर विधायक, जिले की प्रभारी मंत्री, नगर विकास मंत्री को मांगपत्र सौंप चुके हैं और आईजीआईएमएस के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय पर भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन कहीं से कोई सकारात्मक पहल दिखाई नहीं दे रही है। वहीं, समाजसेवी विवेक वर्मा “गोलू” और छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि इस सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं और बरसात के मौसम में सड़क के अगल-बगल रहने वाले लोगों का जीना दुश्वार हो जाता है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को चेताया है कि अगर जल्द ही इस सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे हजारों लोगों के साथ बृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस विरोध प्रदर्शन में जय प्रकाश ओझा, महेश जायसवाल, पंकज श्रीवास्तव, श्याम सिंह, शुभम् राय, विवेक श्रीवास्तव, गणेश यादव, अनुराग धारिया, गौरव, शहबान, अनुराग यादव, ऋषि, पंकज यादव, सत्यम, रवि यादव, सत्यम यादव समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!