बीज वितरण से लेकर प्लांट निरीक्षण तक सक्रिय दिखे इकाई प्रमुख, खेतों में जाकर जानी हकीकत



बस्ती/रुधौली:
बजाज चीनी मिल रुधौली के अंतर्गत सेंटर कप्तानगंज, शंभूपुर, गौसपुर और घोसियापुर सहित कई गांवों का निरीक्षण चीनी मिल के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर गन्ना फसल की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद कर बुवाई की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान इकाई प्रमुख ने अगेती गन्ना प्रजाति 16202 एवं 14201 के बीज का वितरण भी किया। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक क्षेत्रफल में गन्ने की बुवाई करें और पेड़ी प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। साथ ही समय से सिंचाई, गुड़ाई और निराई करने की सलाह दी, जिससे उत्पादन बेहतर हो सके।
डॉ. त्रिपाठी ने किसानों को ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि इससे उत्पादन में वृद्धि होती है। उन्होंने यह भी बताया कि चीनी मिल द्वारा लगातार उन्नत प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं और किसानों के हित में कई लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सभी कृषकों को उठाना चाहिए।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि बसंतकालीन गन्ना बुवाई अब अंतिम चरण में है। ऐसे में किसान बुवाई के साथ-साथ फसल का नियमित निरीक्षण सुबह-शाम अवश्य करें और रोग व कीट के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत मिल द्वारा सुझाई गई दवा का प्रयोग करें। उन्होंने किसानों से क्षेत्रीय अधिकारी या फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क बनाए रखने की भी अपील की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी रणजीत सिंह, फील्ड सुपरवाइजर अनिल दुबे, अजय सिंह सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!