बस्ती (वाल्टरगंज):
जनपद बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में एक बार फिर लूट की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, जमदा शाही निवासी महिला कुलसुम बानो पत्नी ने वाल्टरगंज थानाध्यक्ष को एक लिखित शिकायत पत्र देकर घटना की जानकारी दी है।

पीड़िता के अनुसार, वह एक टेम्पो (नंबर UP 51 AT 9099) में सफर कर रही थीं, जिसमें पहले से ही करीब छह अज्ञात महिलाएं बैठी हुई थीं। रास्ते में पड़िया चौराहा के पास कुछ महिलाएं उतर गईं, लेकिन इसी दौरान दो महिलाओं ने मौका पाकर उनके गले से लगभग 26 ग्राम सोने की चेन पार कर दी और फरार हो गईं।
घटना के बाद पीड़िता को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने आज 16/04/2026 को इसकी शिकायत पुलिस से की। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन अब तक इन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। लगातार हो रही वारदातों से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
इस घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे गिरोह और सक्रिय हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
