तहसील दिवस में 64 मामलों में सिर्फ 7 का निस्तारण, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, जिलाधिकारी ने सुनी समस्या

बस्ती, 18 अप्रैल 2026।
तहसील रुधौली सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई तो हुई, लेकिन निस्तारण की रफ्तार बेहद धीमी रही।
कुल 64 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मात्र 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका। विभागवार आंकड़ों पर नजर डालें तो स्थिति और चिंताजनक दिखाई देती है।
उपजिलाधिकारी रुधौली मनोज प्रकाश ने राजस्व विभाग के 32 मामलों में सिर्फ 6 का निस्तारण हुआ। पुलिस और पूर्ति विभाग के 9-9 मामले आए, जिनमें पूर्ति विभाग महज 1 मामले का ही निस्तारण कर सका। इसके अलावा विकास विभाग के 4, विद्युत विभाग के 8 तथा निबंधक और नहर विभाग के 1-1 मामले सामने आए।
समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहीं जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में डीएफओ डॉ. शिरीन, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीएसओ विमल शुक्ला, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, डीएचओ अरुण त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!