बजाज चीनी मिल रुधौली की पहल: रोग एवं कीट से गन्ना फसल बचाने के लिए किया गया लैंप वितरण

बजाज चीनी मिल रुधौली की पहल: रोग एवं कीट से गन्ना फसल बचाने के लिए किया गया लैंप वितरण

रुधौली, बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली द्वारा गन्ना किसानों की फसल को रोग एवं कीटों से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चीनी मिल के गेट एवं विभिन्न केंद्रों के अंतर्गत ग्राम बहादुरपुर, लकड़ा, तिलकपुर, हनुमानगंज सहित कई गांवों में गन्ना फसल के प्लांटों पर लैंप लगाए गए।

चीनी मिल के सहायक महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला एवं गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी ने बताया कि कम लागत में गन्ना फसल को चोटी भेदक कीट की तीसरी पीढ़ी तथा अन्य हानिकारक कीट-पतंगों से बचाने के लिए यह पहल की गई है। विशेष रूप से उन्नतशील गन्ना प्रजातियों Co 14201, Co 16202, Co 15023, Co 13235 एवं Co 0118 के प्लॉटों पर लैंप लगाए जा रहे हैं।

सीनियर गन्ना अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी बाल सिंधु गगन पांडे ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी पौधा एवं पेड़ी गन्ना फसल में कम लागत वाले लैंप अवश्य लगाएं। सूर्यास्त के बाद रात 10 बजे तक लैंप जलाने से प्रकाश की ओर आकर्षित होकर फसल को नुकसान पहुंचाने वाले कीट-पतंगे नष्ट हो जाते हैं, जिससे फसल सुरक्षित रहती है और उत्पादन में वृद्धि होती है। साथ ही प्रकाश के कारण जंगली जानवर भी फसल को नुकसान नहीं पहुंचा पाते हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों को इस तकनीक के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर कृषक गोष्ठियों का आयोजन भी किया जा रहा है। किसान अधिक जानकारी एवं चीनी मिल की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपने निकटतम जोन कार्यालय, फील्ड सुपरवाइजर अथवा चीनी मिल से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!