गन्ना के साथ सहफसली खेती अपनाएं किसान, मिलेगा दोगुना लाभ : प्रबंध निदेशक अजय कुमार शर्मा

गन्ना के साथ सहफसली खेती अपनाएं किसान, मिलेगा दोगुना लाभ : प्रबंध निदेशक अजय कुमार शर्मा

रुधौली, बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली के प्रबंध निदेशक अजय कुमार शर्मा ने किसानों से गन्ने के साथ सहफसली खेती करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों को दोगुना लाभ प्राप्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि सहफसली खेती से जहां अतिरिक्त आय होती है, वहीं गन्ने की फसल का विकास भी बेहतर होता है।

प्रबंध निदेशक अजय कुमार शर्मा, महाप्रबंधक अरशद शेख, इकाई प्रमुख डॉ. जे.पी. त्रिपाठी, जोनल एचआर हेड (पूर्वी जोन) एन.के. शुक्ला, उपमहाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान, सहायक प्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला, गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी एवं गेट इंचार्ज राजेश सिंह ने अरदा, बैकुंठ गोविंदपुर, महुआरी, हरिहरपुर, बहादुरपुर, पिकोरा, रमवापुर एवं कठोलिया गांवों में गन्ना पेड़ी एवं पौधा प्लांट का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों को पेड़ी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पौधा फसल की तुलना में पेड़ी फसल पर कम लागत आती है तथा उचित देखभाल से अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। किसानों को समय पर सिंचाई, गुड़ाई, निराई एवं उर्वरकों के संतुलित प्रयोग की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में चोटी भेदक कीट का प्रकोप दिखाई दे रहा है। इसके नियंत्रण के लिए किसानों को कोराजन, बटाको, क्लोरोपारी फास्ट एवं चक्रव्यूह जैसी दवाओं का प्रयोग करने तथा आवश्यकता पड़ने पर फील्ड सुपरवाइजर एवं चीनी मिल अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया।

प्रबंध निदेशक ने किसानों को ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई करने की सलाह देते हुए कहा कि इस पद्धति से बीज, सिंचाई एवं अन्य लागत में कमी आती है। साथ ही फसल गिरने का खतरा कम होता है तथा प्राकृतिक आपदाओं और जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान में भी कमी आती है।

उन्होंने कहा कि बजाज समूह का लक्ष्य किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन दिलाना है। इसी उद्देश्य से “किसान मार्गदर्शन चैनल” के माध्यम से कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को पेड़ी प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

सीनियर गन्ना अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी बाल सिंधु गगन पांडे ने कहा कि उच्च अधिकारियों के फील्ड निरीक्षण से किसानों का मनोबल बढ़ता है और फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रबंध निदेशक की यह पहल किसानों को नई तकनीक अपनाने तथा बेहतर पैदावार प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्राम प्रधान रामनाथ चौधरी, आज्ञाराम चौधरी, अशोक कुमार चौधरी, धर्मेंद्र यादव, रामपुर राम, भारत राम, लखन, विजय कुमार मिश्रा, शशि प्रकाश सिंह, रामबचन यादव, अंबिका चौधरी, जगदीश पांडे, जगदंबा पांडे सहित चीनी मिल के अधिकारी एवं फील्ड सुपरवाइजर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!