विश्व पर्यावरण दिवस माह के तहत फलदार पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

बस्ती: वैश्विक थीम “प्रकृति से प्रेरित – जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” के अंतर्गत जनपद में मनाए जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस माह के अवसर पर विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली एवं युवा विकास समिति, बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में चैनपुरवा ब्रिज के समीप स्थित संत निरंकारी आश्रम परिसर में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्नत किस्मों के आम, अमरूद, लीची, आंवला सहित अनेक फलदार पौधों का रोपण डॉ. नवीन सिंह के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरणीय संकट से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल हरियाली ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और बेहतर भविष्य का आधार है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

आयोजक संस्था से जुड़े बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का सतत अभियान है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली ही सतत विकास और सुरक्षित भविष्य की कुंजी है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!