बजाज चीनी मिल रुधौली ने किसानों को किया जागरूक, दो टीमों का किया गठन
रुधौली (बस्ती)। बजाज चीनी मिल रुधौली द्वारा गन्ना उत्पादन बढ़ाने एवं किसानों को बेहतर फसल प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए गेट से लेकर सभी गन्ना केंद्रों तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम डढ़वा भैया में कृषक सीताराम मौर्य के खेत पर गन्ना प्रजाति 15023 की बंधाई कर किसानों को प्रशिक्षण एवं जागरूक किया गया। इस अवसर पर गेट इंचार्ज राजेश सिंह एवं सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) अनिल कुमार शुक्ला ने किसानों को समय पर गन्ने की बंधाई करने के लाभ बताए।
चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए गन्ना बंधाई अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को गन्ना बंधाई, रोग एवं कीट प्रबंधन के प्रति जागरूक करेंगी तथा प्रतिदिन अपनी लिखित रिपोर्ट चीनी मिल प्रबंधन को उपलब्ध कराएंगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि शरदकालीन गन्ना प्रजातियों 15023, 14201, 13235, 0118, 16202 एवं Co-0238 के खेतों में समय से गन्ने की बंधाई अवश्य कर दें। बरसात में खेतों में जलभराव एवं गन्ने की अधिक ऊंचाई के कारण फसल गिरने का खतरा बढ़ जाता है। गन्ना गिरने से जंगली जानवरों द्वारा नुकसान की संभावना बढ़ जाती है, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है। समय पर बंधाई करने से गन्ना सीधा रहता है और अधिक उपज प्राप्त होती है।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि इकाई प्रमुख डॉ. जे.पी. त्रिपाठी के निर्देशों का लगातार पालन किया जा रहा है। किसानों को अधिक उत्पादन प्राप्त हो, इसके लिए रोग एवं कीट प्रबंधन के साथ-साथ 63 कॉलम खतौनी प्रदर्शन भी गांव-गांव कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपने गन्ना सट्टे का सत्यापन करने की अपील की, ताकि भविष्य में गन्ना आपूर्ति के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा समय पर गन्ना आपूर्ति कर गेहूं की बुवाई भी की जा सके।
उन्होंने बताया कि गन्ना प्रदर्शन एवं अन्य कृषि कार्यक्रमों की सूचना किसानों को एक दिन पूर्व चीनी मिल एवं संबंधित सुपरवाइजरों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचाई जा रही है।
