रुधौली, बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली के गेट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरेला में कृषक श्री श्रवण कुमार के खेत पर गन्ना प्रजाति Co-14201 की एक बीघा भूमि में ट्रेंच विधि से मानसून सत्र की गन्ना बुवाई का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। कार्यक्रम में चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान, गेट इंचार्ज राजेश सिंह, अंजनी त्रिपाठी एवं धर्मराज सिंह ने विधिवत पूजन-अर्चन कर बुवाई का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर कृषक को अंगवस्त्र एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया तथा उपस्थित किसानों के बीच भी मिठाई वितरित की गई। महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान ने किसानों को मानसून सत्र में गन्ना बुवाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई करने पर बेहतर उत्पादन प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि किसान गन्ने के साथ धनिया, पालक, राजमा, मूली, गोभी एवं टमाटर जैसी सहफसली खेती कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों से गन्ने की बंधाई पर विशेष ध्यान देने का भी आह्वान किया, जिससे फसल गिरने से बच सके और उत्पादन में वृद्धि हो। बताया कि फील्ड सुपरवाइजर गांव-गांव में कृषक गोष्ठियों का आयोजन कर गन्ना बुवाई, बंधाई तथा यूरिया स्प्रे के संबंध में किसानों को जागरूक कर रहे हैं।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने कहा कि गन्ना प्रदर्शन एवं 63 कॉलम खतौनी का अवलोकन किसानों को कराया जा रहा है। जिन किसानों का गन्ना सर्वे हो चुका है, वे अपनी प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि गन्ना आपूर्ति के समय किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों का सट्टा लॉक है तथा जो गन्ना विकास समिति के सदस्य बनना चाहते हैं, वे खतौनी, आधार कार्ड, चार फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति एवं मोबाइल नंबर फील्ड सुपरवाइजर को उपलब्ध कराएं, जिससे उनका नया सदस्यता पंजीकरण एवं सट्टा लॉक खोलने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कृषक धर्मराज, अवधेश, प्रेमचंद, रामलखन, रामस्वरूप, जनार्दन यादव, घनश्याम यादव, प्रेमशंकर त्रिपाठी, सुरेश पांडे, जगदंबा पांडे सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
