कलवारी, बस्ती। लिटिल फ्लावर स्कूल, कलवारी की प्रतिभाशाली छात्रा अनन्या श्रीवास्तव ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों से विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा छह में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें “बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर” तथा “फर्स्ट रैंक अवार्ड” प्रदान कर सम्मानित किया।
बचपन से ही मेधावी रही अनन्या ने कक्षा एक से लेकर अब तक प्रत्येक वर्ष अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर निरंतर उत्कृष्टता का परिचय दिया है। अपनी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कार्यकुशलता के कारण वर्तमान में वह विद्यालय की असिस्टेंट लीडर के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।
अनन्या का परिवार शिक्षा और सामाजिक मूल्यों से समृद्ध रहा है। उनके दादा बजरंग बली श्रीवास्तव जनता इंटर कॉलेज, गायघाट में आजीवन प्रधानाचार्य रहे हैं। परिवार में शिक्षा का वातावरण इस बात से भी स्पष्ट होता है कि उनके दोनों ताऊ इंजीनियर हैं। उनकी माता रागिनी श्रीवास्तव एक कुशल गृहिणी हैं, जबकि पिता नीरज श्रीवास्तव वरिष्ठ समाजसेवी के रूप में समाज में अपनी अलग पहचान रखते हैं।
पढ़ाई के साथ-साथ अनन्या घरेलू कार्यों में भी समान रूप से दक्ष हैं। वह अपनी मां का रसोई कार्य में सहयोग करती हैं और उनके हाथों से तैयार भोजन स्वादिष्ट एवं सुपाच्य माना जाता है। शिक्षा और संस्कारों का यह सुंदर समन्वय उनके व्यक्तित्व को और भी प्रेरणादायी बनाता है।
अपने भविष्य के बारे में अनन्या ने बताया कि उनका सपना एक कुशल चिकित्सक (डॉक्टर) बनकर रोगियों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर वह अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगी।
अनन्या श्रीवास्तव की इस उल्लेखनीय सफलता पर उनके माता-पिता, ताऊ सहित वरिष्ठ पत्रकार दुर्गेश ओझा, समाजसेवी चन्द्र प्रकाश सिंह, शिव भूषण श्रीवास्तव, सर्वदमन शुक्ला, आदित्य पाण्डेय तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने भी विश्वास व्यक्त किया कि अनन्या भविष्य में शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूकर जनपद का नाम रोशन करेंगी।
