संत कबीर नगर 23 मई 2025,
संत कबीर नगर जिले के विकास खंड मेंहदावल में शहीद गणेश शंकर यादव के गाँव घूरापाली में आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में बिना एक भी बिना ईंट रखे इंटरलॉकिंग सड़क दिखाकर पूरा भुगतान निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में विगत पांच दिन पहले जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव ने मौके पर जाकर जांच किया था, जांच में स्पष्ट हुआ कि इंटरलॉकिंग का कोई कार्य नहीं हुआ है। इसके बावजूद संबंधित प्रधान और सचिव ने योजना की धनराशि का गबन कर लिया।डीपीआरओ का कहना है कि जांच रिपोर्ट में स्पष्ट होने के बाद दोनों को नोटिस जारी कर जबाब मांगा गया था,नोटिस मिलने के बाद सचिव ने जबाब दाखिल कर दिया है।लेकिन इससे लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि क्या घोटालेबाजों पर महज नोटिस देकर खानापूर्ति की जा रही है। अब तो यह देखना है कि कार्रवाई सिर्फ आश्वासन तक ही सिमटेगी या दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई होगी। स्थानीय सूत्रों के का दावा है कि मेंहदावल ब्लॉक में पहले भी मनरेगा, नल रिबोर, सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग जैसे मामलों में घोटाले उजागर हुए लेकिन कार्रवाई सिर्फ नोटिस तक ही सीमित रही। लोगों में चर्चाएं हैं कि विभागीय अधिकारी नोटिस के बहाने धन उगाही करते हैं और फाइल ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। इसके बारे में जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव का कहना है कि सचिव द्वारा नोटिस का जबाब मिला है। इस मामले में जांच अभी भी जारी है और हर हाल में कार्रवाई की जाएगी।
