विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण, बकरीद और योग दिवस की तैयारी की समीक्षा__________

संत कबीर नगर 05 जून 2025, सचिव नगर विकास विभाग उ0 प्र0 शासन/नोडल अधिकारी अजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम-2025, “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर वृक्षारोपण, ईद-उल-अजहा (बकरीद) के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था एवं आगामी दिनांक 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा से संबंधित बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी व अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान सचिव/नोडल अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने जनपद में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम-2025 को सफल बनाने के दृष्टिगत वन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि विभागों को वृक्षारोपण हेतु दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष गड्ढों की खुदाई, पौधों की उठान आदि से संबंधित समस्त तैयारी पहले से ही पूर्ण रखी जाए। प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि वृक्षारोपण जन अभियान-2025 में वन विभाग द्वारा 1234900 पौधे एवं अन्य विभागों द्वारा 1680340 पौधों को रोपति करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सचिव/नोडल अधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम थीम पर कलेक्ट्रेट परिसर में हरिशंकरी का पौधा रोपित किया। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम 2025, ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु की गई तैयारियां, आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम आदि से संबंधित की गई तैयारी आदि के बारे में सचिव/नोडल अधिकारी को अवगत कराया। जिस पर नोडल अधिकारी ने एक-एक कर संबंधित अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन दिए। बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने हेतु प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी ने कहा कि त्यौहार को परंपरागत रूप से मनाया जाय, किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने इस संबंध में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शांति-सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। त्यौहार में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईदगाहों, मस्जिदों में नमाज अदा की जाती है तथा परंपरागत रूप से निश्चित स्थलों पर कुर्बानी दी जाती है। उन्होंने कहा इस दौरान संबंधित अधिशाषी अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मस्जिद, नमाज स्थलों के आसपास विशेष सफाई कराना सुनिश्चित करें, जलापूर्ति की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। कुर्बानी के पश्चात अवशेष को उचित स्थान पर गड्डा खुदवाकर उसमें ब्लीचिंग, नमक तथा चूना डालकर उचित तरीके से ढकवा कर निस्तारण कराना सुनिश्चित किया जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने नोडल अधिकारी को अवगत कराया की बकरीद के दृष्टिगत समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, शांति समिति की बैठक कर सभी को आवश्यक बिंदुओं एवं निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु अवगत करा दिया गया है।
सचिव/नोडल अधिकारी द्वारा जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान कार्यदाई संस्थाओं के द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिशाषी अभियंता जल निगम से जनपद में जल जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने तथा सरकार की मंशा के अनुसार हर घर जल एवं सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की योजना को सफल बनाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। सचिव/नोडल अधिकारी ने समीक्षा बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं, आईजीआरएस प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, शहर की साफ-सफाई, बरसात से पहले नालों की साफ-सफाई आदि के बारे में संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने उप कृषि निदेशक से जनपद में बीज एवं खाद की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी लिया तथा निर्देशित किया कि कृषक हित से संबंधित समस्त कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। नोडल अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से जनपद में गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों हेतु भूसा, हरा चारा, पेयजल की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाए रखने एवं समय-समय पर गौशालाओं का निरीक्षण करते रहने का निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में स्थित गो-आश्रय स्थलों पर पशु चिकित्सक समय-समय पर विजिट अवश्य करते रहें जिससे गोवंशों के स्वास्थ्य का परीक्षण एवं आवश्यकता अनुसार तत्काल इलाज किया जा सके। सचिव/नोडल अधिकारी ने उपस्थित समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से किसानों, गरीबों, युवाओं, छात्र-छात्राओं आदि के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्रता के अनुसार शत-प्रतिशत दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए, गांव में जाकर योजनाओं से आच्छादित लाभार्थी का फीडबैक भी लिया जाए। जिलाधिकारी ने सचिव/नोडल अधिकारी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों व मार्गदर्शन का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु आश्वस्त करते हुए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रामानुज कनौजिया, प्रभागीय वनाधिकारी, अप कृषि निदेशक डॉ राकेश कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, निजी सचिव, सचिव नगर विकास राजेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एस के तिवारी, आयुष अधिकारी/ योग प्रभारी डॉक्टर इंद्रेश, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सतीश कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, मंडी सचिव शिवनिवास, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, जिला खेल अधिकारी दिलीप कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!