बस्ती – आज पुलिस लाइन बस्ती में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र बस्ती संजीव त्यागी द्वारा पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनन्दन के साथ दीप प्रज्वलित कर यातायात जागरूकता माह-2025 का भव्य समापन समारोह किया गया। इस समापन समारोह कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्यामकांत क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली यातायात प्रभारी समस्त रिक्रूट आरक्षी (नव प्रशिक्षित आरक्षी) अन्य पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र ने कहा कि यातायात जागरूकता माह के दौरान जनपद बस्ती में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। स्कूल-कॉलेजों बाजारों चौराहों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों की पालना हेलमेट का प्रयोग सीट बेल्ट ओवर स्पीडिंग न करना शराब पीकर वाहन न चलाना तथा मोबाइल का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जनजागरूकता फैलायी गयी। इस दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन हेतु सेमिनार तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। पुलिस अधीक्षक बस्ती ने कहा कि यातायात जागरूकता माह का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है। ना कि चालान की संख्या बढ़ाना है। उन्होंने सभी से अपील की कि यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है अपितु स्वयं एवं दूसरों की जान बचाने का सबसे सरल उपाय भी है। समारोह में उपस्थित आमजन नव प्रशिक्षित आरक्षियों को यातायात नियमों की शपथ दिलायी गयी। कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों तथा यातायात जागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बस्ती पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता माह को सफल बनाने में सभी का सहयोग सराहनीय रहा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
