शत्रुहंता हनुमान मंदिर ट्रस्ट का द्वितीय स्थापना दिवस श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न, विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

बस्ती। सदर विकासखंड क्षेत्र के मेडिकल रोड स्थित दौलतपुर गांव में अवस्थित शत्रुहंता हनुमान मंदिर ट्रस्ट का द्वितीय स्थापना दिवस रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ, हवन-पूजन एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम, माता सीता और संकटमोचन हनुमान जी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। अखंड पाठ के समापन के उपरांत हवन-पूजन संपन्न कराया गया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई।मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में हनुमान जी और भगवान श्रीराम के भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु “जय श्रीराम” तथा “जय बजरंगबली” के जयकारे लगाते रहे।स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार पुनीत ओझा, कर्मा देवी संस्थान की सीईओ अंशु सिंह, रजनीश त्रिपाठी, सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, संत कबीर नगर के प्रभारी अजय सिंह गौतम, विमल पांडेय, अमित सिंह, सुभाष चंद्र मिश्रा, राकेश गिरी, राजमाता आसमा सिंह, विनय सिंह, पंकज त्रिपाठी, सिद्धार्थ मिश्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित देवस्य मिश्र ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट की संरक्षक वंदना मिश्रा ने कहा कि शत्रुहंता हनुमान मंदिर क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों, स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। वहीं ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष विमला देवी ने कहा कि कलियुग में हनुमान जी की आराधना से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी आज भी अपने भक्तों की रक्षा और कल्याण के लिए पूजनीय हैं। शत्रुहंता हनुमान मंदिर में आने वाले श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा और विश्वास के साथ अपनी मनोकामनाएं व्यक्त करते हैं तथा प्रभु की कृपा प्राप्त करते हैं।स्थापना दिवस समारोह का समापन महाप्रसाद वितरण एवं श्रद्धालुओं के आशीर्वाद ग्रहण करने के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!