खेत में करंट लगने से बुजुर्ग महिला गंभीर, 108 एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता से बची जान

बस्ती। जनपद बस्ती के थाना लालगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छतौरा, पोस्ट नैवारी निवासी 70 वर्षीय राजमती पत्नी लालमन शनिवार सुबह लगभग 9 बजे अपने खेत में काम करने गई थीं। बताया जा रहा है कि खेत में लगे विद्युत पोल के अर्थिंग तार में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बस्ती के लिए रेफर कर दिया।

मौके पर मौजूद अंकुर ने 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही नजदीकी एम्बुलेंस संख्या UP32EG4964 के कर्मचारी ईएमटी विवेक रंजन एवं पायलट सजीवन सिंह बिना विलंब के मौके पर पहुंचे और मरीज को सुरक्षित मेडिकल कॉलेज बस्ती के लिए रवाना किया।

रास्ते में महिला की हालत बिगड़ने पर 108 कंट्रोल रूम में तैनात डॉ. रस्तोगी के निर्देशन में एम्बुलेंस कर्मियों ने आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और प्राथमिक उपचार का उपयोग करते हुए मरीज की स्थिति को संभाला। मेडिकल कॉलेज बस्ती पहुंचने पर महिला को भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में काफी सुधार बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस सेवा और उसके कर्मचारियों की तत्परता एवं सेवा भावना की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!