कुवानो नदी जीर्णोद्धार अभियान की हुई शुरुआत, जनसहभागिता से चलेगा सफाई अभियान

कुवानो नदी जीर्णोद्धार अभियान की हुई शुरुआत, जनसहभागिता से चलेगा सफाई अभियान

बस्ती। जिला प्रशासन के तत्वावधान में बुधवार को जनसहभागिता के माध्यम से कुवानो नदी के जीर्णोद्धार अभियान की शुरुआत की गई। विकास खंड बस्ती सदर के ग्राम पंचायत भूअर निरंजनपुर में पुलिस लाइन के पीछे स्थित बाबा की कुटिया के पास नदी की साफ-सफाई कर अभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव रहे। उनके साथ ग्राम प्रधान राम वचन, क्षेत्र पंचायत सदस्य राम अभिलाष चौहान तथा प्रधान प्रतिनिधि अशोक चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने घाट की सफाई कर अभियान को गति प्रदान की।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। जिस प्रकार शरीर में धमनियां रक्त का संचार करती हैं, उसी प्रकार नदियां जीवनदायिनी जलधारा के रूप में समाज और प्रकृति को जीवंत बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन सभ्यताएं और बड़े नगर नदियों के किनारे ही विकसित हुए हैं तथा भारतीय संस्कृति में नदियां आस्था, चेतना और सभ्यता की प्रतीक रही हैं।

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नदियां अपने मूल स्वरूप को खो रही हैं, जलस्तर घट रहा है तथा प्रदूषण बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपनी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में योगदान दे। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से कुवानो नदी जीर्णोद्धार अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) राजनारायण शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहजराम, ग्राम पंचायत अधिकारी रविशंकर शुक्ल, राम जनम, अनीस खान, राम सजीवन चौधरी, रईश खान, सतीश, विनय चौधरी, कपिल देव चौधरी सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!