सुबह-शाम खेतों का निरीक्षण करें किसान, तापमान बढ़ने पर रखें विशेष ध्यान: लवकुश सिंह चौहान

रुधौली, बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली के महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान, उप प्रबंधक (गन्ना) अनिल कुमार शुक्ला तथा गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी ने बुधवार को चीनी मिल गेट एवं विभिन्न गन्ना क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बहादुरपुर, रमवापुर, बिशनपुर, सीस्वरी, पकड़ी, लकड़ा, जामसर नगर, जमवापुर, जलालपुर, हथिया, भोयर, कुम्हिया एवं बंगवान गांवों में किसानों के गन्ना प्लाटों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान रामदास, जगन्नाथ, अभिमन्यु, रामभवन, रामबहोर, रामसूरत, शिवपूजन, विश्वनाथ चौधरी तथा जगदंबा सिंह सहित अनेक किसानों से संवाद किया गया। महाप्रबंधक लवकुश सिंह चौहान ने किसानों से अपील की कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम अपने खेतों का निरीक्षण अवश्य करें तथा फसल में रोग या कीट के किसी भी लक्षण पर तत्काल चीनी मिल के फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि मिल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का समय पर प्रयोग करने से उत्पादन बेहतर होगा।

उन्होंने किसानों को बढ़ते तापमान के मद्देनजर खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने की सलाह दी। कहा कि उर्वरक एवं दवाओं का प्रयोग तभी करें जब खेत में पर्याप्त नमी हो। दवाओं का छिड़काव शाम के समय करें तथा सिंचाई इतनी ही करें कि सुबह तक खेत में पानी खड़ा न रहे, लेकिन नमी बनी रहे।

सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु एवं गगन पांडे ने बताया कि गन्ना सर्वेक्षण कार्य अंतिम चरण में युद्धस्तर पर चल रहा है। किसानों से अपील की गई कि वे सर्वेक्षण के समय अपने प्लाट पर उपस्थित रहें और यह सुनिश्चित कर लें कि उनके खेत का सर्वे पूरा हो गया है।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों की नई सदस्यता गन्ना समिति में हुई है, वे चार पासपोर्ट फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, खतौनी एवं आधार कार्ड की प्रति फील्ड सुपरवाइजर को उपलब्ध करा दें। वहीं जिन किसानों का सट्टा लॉक है, वे भी आवश्यक दस्तावेज तत्काल जमा कर दें, जिससे उनका सट्टा संचालित हो सके और भविष्य में गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या न आए।

इस अवसर पर बजाज चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) ने नव नियुक्त जिला गन्ना अधिकारी जगभान भदोहिया को पुष्पगुच्छ भेंट कर कार्यभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बस्ती गन्ना विकास समिति के सीनियर सीडीआई अमरनाथ दुबे एवं प्रवीण सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!