बस्ती। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के कोहरायें गांव के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। सामने से ओवरटेक कर रही एक फोर व्हीलर ने दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
घायलों की पहचान गोबिंद राना (32 वर्ष) पुत्र पथरू एवं राधेश्याम (28 वर्ष) पुत्र बचचूलाल, निवासी कड़सड़ा, धरमपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे, तभी कोहरायें के पास सामने से खतरनाक तरीके से ओवरटेक कर रही फोर व्हीलर उनकी बाइक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग दहल उठे। घटना की सूचना राजेश ने तत्काल 108 आपातकालीन सेवा को दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस संख्या UP32EG4317 मौके पर पहुंची। EMT संदीप कुमार द्विवेदी और पायलट अमित पांडेय ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परशुरामपुर पहुंचाकर भर्ती कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बढ़ती लापरवाही और गलत दिशा से ओवरटेकिंग लगातार हादसों का कारण बन रही है। समय रहते 108 एम्बुलेंस के पहुंचने से घायलों को तत्काल उपचार मिल सका, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
