बस्ती। सपनों को साकार करने के लिए परीक्षा देने निकले दो युवकों को क्या पता था कि रास्ते में उनका सामना मौत से हो जाएगा। सोमवार सुबह बस्ती जनपद में अवधेश सिंह ढाबा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। अयोध्या जिले के सुहावल निवासी अंशु यादव और राहुल मोटरसाइकिल से बस्ती में UPP परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रेलर के बेहद करीब पहुंच गई और देखते ही देखते दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 11:40 बजे हुए इस हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। सड़क पर दर्द से तड़प रहे युवकों को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस संख्या UP32EG4351 के ईएमटी विजय कुमार और पायलट अरुण पाठक तेजी से घटनास्थल पर पहुंचे। एम्बुलेंस कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार देकर तत्काल सीएचसी विक्रमजोत पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भयावह था कि कुछ देर के लिए लोगों की सांसें थम गईं। यदि 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचती, तो घायलों की स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
