बस्ती। जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के परसा हज्जाम गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। घर के मुखिया की अचानक मौत का सदमा उनका 15 वर्षीय पुत्र सहन नहीं कर सका और उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। पिता और पुत्र की एक साथ उठी अर्थियों ने गांव ही नहीं, आसपास के क्षेत्र को भी गमगीन कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय ज्योति प्रकाश अपने नए मकान की नींव (भरवा) का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजन जब ज्योति प्रकाश का शव लेकर घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। इसी बीच पिता के निधन की खबर सुनकर उनका 15 वर्षीय पुत्र राज गहरे सदमे में आ गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे भी तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के अंतराल पर पिता और पुत्र की मृत्यु से गांव में मातम पसर गया। अंतिम संस्कार के समय जब दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं तो मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह मार्मिक घटना मुंडेरवा थाना क्षेत्र के परसा हज्जाम गांव की है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। गांव के लोग इस असहनीय त्रासदी से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच रहे हैं।
