बस्ती। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ बजाज चीनी मिल रुधौली द्वारा रविवार को चीनी मिल गेट से लेकर विभिन्न गन्ना क्रय केंद्रों तक वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान चलाया गया। चीनी मिल परिसर में आयोजित वृक्षारोपण गोष्ठी में जिला गन्ना अधिकारी जगभान सिंह भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का नेतृत्व जोनल एचआर हेड (पूर्वी जोन) एन. शुक्ला ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान, उप महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला, इंजीनियरिंग हेड एस.के. चौहान तथा गेट इंचार्ज राजेश सिंह ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
जोनल एचआर हेड एन. शुक्ला ने कहा कि एक वृक्ष बेटे के समान होता है। इसकी सुरक्षा, सिंचाई और देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। जिस प्रकार बेटा बड़ा होकर परिवार का सहारा बनता है, उसी प्रकार वृक्ष मानव जीवन को शुद्ध वायु, हरियाली, छाया और पर्यावरण संतुलन प्रदान करते हैं।
अभियान के तहत चीनी मिल गेट पर किसानों को आम, अमरूद, लीची, महुआ, पीपल, पाकड़, बरगद और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के 1001 फलदार एवं छायादार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। वहीं चीनी मिल परिसर में 101 पौधों का रोपण भी किया गया।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने गन्ना केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में किसानों से खेतों की मेड़ों पर कम से कम एक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों को भविष्य में आर्थिक लाभ भी मिलेगा।
वृक्ष वितरण अभियान ग्राम सीस्वरी, भरवलिया, पिकोरा, रमवापुर एवं जलालपुर सहित विभिन्न गन्ना केंद्रों पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय ग्राम प्रधान, बड़ी संख्या में कृषक तथा चीनी मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
