कृषि सखियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया


बस्ती – नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती स्थित बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर पर कृषि सखियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और महिला कृषकों को जैविक एवं पर्यावरण अनुकूल तकनीकों से सशक्त बनाना रहा कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती की अवधारणा फसल विविधीकरण सहफ़सली खेती जैविक कीटनाशक एवं खाद तैयार करने की विधियाँ बीजोपचार तकनीक तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से बायो-इनपुट तैयार करने की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई प्रशिक्षण में केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पी. के. मिश्र डॉ. वी. बी. सिंह, डॉ. अंजलि वर्मा एवं हरिओम मिश्र ने विस्तार से व्याख्यान देते हुए कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों से परिचित कराया। विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से लागत घटती है उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ती है और किसानों की आमदनी में स्थायी वृद्धि होती है। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं ने समूह चर्चा एवं प्रायोगिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया उन्होंने प्राकृतिक खेती से जुड़ी तकनीकों को अपने-अपने गाँवों में लागू करने और अन्य किसानों तक पहुँचाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के अंत में वैज्ञानिकों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित कृषि सखियाँ गाँव-गाँव में प्राकृतिक खेती की ब्रांड एंबेसडर बनकर कार्य करेंगी और स्थानीय किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएँगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!