मोटरसाइकिल सवार के लिए हेलमेट है सुरक्षा कवच -प्रमोद ओझा

कप्तानगंज (बस्ती)।सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के क्रम में शुक्रवार को कप्तानगंज चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा प्रहरी एवं जनपद के गुड समटेरियन ( राहवीर) प्रमोद ओझा ने मोटरसाइकिल सवारों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान प्रमोद ओझा ने दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट न पहनने से सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और जान का खतरा बढ़ जाता है। हेलमेट जीवन रक्षक उपकरण है, जिसका उपयोग हर हाल में किया जाना चाहिए।
उन्होंने लोगों को बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही, तेज गति और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि सभी लोग नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को पंपलेट के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बताया जाता है प्रमोद ओझा द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सड़क हादसो के रोकथाम के लिए विद्यालय में बच्चों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाता है।अभियान से क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी और लोगों ने इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!