टीम का हुआ गठन, गन्ना प्लांट का करेंगी निरीक्षण


रुधौली, बस्ती।
बजाज चीनी मिल रुधौली के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने गन्ना फसल को रोग एवं कीट से बचाने और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से दो विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें चीनी मिल गेट एवं विभिन्न केंद्रों पर गन्ना बुवाई, पेड़ी प्लांट, सिंचाई, गुड़ाई-निराई तथा रोग-कीट की स्थिति का नियमित निरीक्षण करेंगी।
इकाई प्रमुख डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल से किसानों में जागरूकता बढ़ेगी और वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि समय-समय पर निरीक्षण और मार्गदर्शन से गन्ना खेती को और अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
इसी क्रम में चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) शैलेंद्र कुमार मिश्रा एवं उपप्रबंधक (गन्ना) अनिल कुमार शुक्ला ने करहली, भरवलिया सीस्वरी बदन सिंह, सीस्वरी रघुवीर सिंह, पिकोरा और रमवापुर जलालपुर गांवों में गन्ना प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गन्ना प्रजाति 14201, 0118, 15023 एवं 16201 की बुवाई वाले खेतों में रोग एवं कीट की स्थिति का जायजा लिया।
साथ ही कृषक अभय पांडे, रुदल पांडे, राम प्रकाश चौधरी, राम प्रसाद यादव, नंदलाल, राम यज्ञ एवं प्रेमचंद के खेतों में 14201 प्रजाति की बुवाई भी कराई गई।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने टीम के साथ कई प्लांटों का निरीक्षण करते हुए किसानों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इकाई प्रमुख की यह पहल निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम देगी। इससे किसानों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक क्षेत्रफल में अगेती गन्ना प्रजातियों की बुवाई के लिए प्रेरित होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि चीनी मिल द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है, जिससे किसान इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!