आनन्दधर द्विवेदी
बस्ती। हाई स्कूल एवं इंटर मीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह पंडित चतुर्भुज तिवारी विमला देवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों व अभिभावकों की उपस्थिति में विद्यालय के प्रबंधक अनिल कुमार तिवारी ने मेधावियों को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
हाई स्कूल परीक्षा 2026 में अनुराग चौधरी ने 95% अंक प्राप्त कर जिले में छठा स्थान हासिल किया। इसके अलावा रोशनी (89%), सुधा वर्मा (87%), अंकिता आर्य (86%), युवराज यादव (85.66%), अंकित चौधरी (84.5%), आदित्य सेन (83.5%), राजवीर सिंह (82.5%), लक्ष्मी वर्मा (81.4%), अमन निषाद (81%), जाह्नवी (80%) व प्रिंस (80%) सहित कई छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। हाई स्कूल का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा।
इसी क्रम में इंटरमीडिएट परीक्षा में अंश चौधरी, एरम फातिमा, सादिया, श्रद्धा, नेहा अंशिका, तनु, तान्या व शिवानी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक अखिलेश तिवारी, प्रशांत वर्मा व जग नारायण मिश्र ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों की सफलता पर खुशी जताते हुए विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
अंत में प्रबंधक अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि विद्यालय विगत वर्षों से लगातार जिला व प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करता आ रहा है। उन्होंने सभी मेधावियों को और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया तथा जिले में स्थान प्राप्त करने वाले अनुराग चौधरी को निःशुल्क शिक्षा देने की घोषणा की। इंटरमीडिएट का परीक्षाफल भी उत्कृष्ट रहने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
