बस्ती। थाना कलवारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और सतर्क प्रयासों के चलते करीब दो माह से गुमशुदा चल रही महिला को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवारजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान तथा गुमशुदा/अपहृत महिला एवं बच्चों की बरामदगी हेतु जारी विशेष अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कलवारी संतोष कुमार ने पुलिस टीम के साथ सक्रियता दिखाते हुए मामले में लगातार प्रयास किया।
थाना कलवारी पर दिनांक 15 मार्च 2026 को दर्ज गुमशुदगी के अनुसार देवरिया गांव निवासी अंजू पत्नी सूरज (उम्र लगभग 20 वर्ष) बीते 09 मार्च 2026 से लापता थीं। महिला के पति सूरज द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना कलवारी में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की थी।
इसी क्रम में मुखबिर खास से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना कलवारी पुलिस टीम ने गुरुवार 07 मई 2026 को पाऊं बाजार क्षेत्र से महिला को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
महिला की बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, उप निरीक्षक चंद्रभान चौहान तथा महिला कांस्टेबल नीलम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस संवेदनशील एवं सराहनीय कार्यवाही की क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है।
