बस्ती में भीषण अग्निकांड से हड़कंप, तीन बकरियां जिंदा जलीं, हजारों का सामान राख

बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरपाती एहतमाली में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राम जानकी मार्ग के पास स्थित पीड़ित रामनयन के छप्पर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा छप्पर धू-धू कर जलने लगा।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में छप्पर में रखा हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे में छप्पर के अंदर बंधी तीन बकरियां भी आग की चपेट में आ गईं, जिनकी जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में मातम जैसा माहौल बन गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बाल्टी, पाइप और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के अन्य घरों को भी सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोग घटना से सहमे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!