जेठ मास के मंगलवार पर रुधौली चीनी मिल में विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

रुधौली। जेठ मास के सातवें मंगलवार के अवसर पर बजाज चीनी मिल रुधौली परिसर स्थित हनुमान मंदिर पर धार्मिक आयोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए शरबत वितरण एवं भंडारे की व्यवस्था की गई।

चीनी मिल के इकाई प्रमुख डॉ. जे.पी. त्रिपाठी ने सुंदरकांड पाठ के समापन पर विधि-विधान से आरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे में महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान, सहायक महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला, गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी, गेट इंचार्ज राजेश सिंह, इंजीनियरिंग हेड श्रवण सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सेवा कार्य में जुटे रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कर आयोजन को सफल बनाया।

वहीं सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे गन्ना विभाग की टीम के साथ पूरे समय सेवा कार्य में सक्रिय रहे। उन्होंने राहगीरों को रोक-रोककर शरबत एवं प्रसाद वितरित किया। आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा और देर तक लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

धार्मिक एवं सामाजिक समरसता के इस आयोजन को श्रद्धालुओं ने सराहा तथा चीनी मिल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!