दो वर्षीय बच्चे को लेकर तीन दिनों से चल रहे विवाद ने लिया खूनी मोड़, महिला की चाकू मारकर हत्या

रुधौली, बस्ती। रुधौली क्षेत्र में ग्राम महुआ बैरिहवा एक मामूली कहासुनी ने मंगलवार को भयावह रूप ले लिया। विगत तीन दिनों से दो वर्षीय बच्चे को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 40 वर्षीय समरजहां ( माजिदा)पत्नी अयूब खान की चाकू लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

सूत्रों के अनुसार, खुशनुमा के दो वर्षीय पुत्र फिरदौस को काला कहने लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले तीन दिनों से विवाद और कहासुनी चल रही थी। मंगलवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि धारदार हथियार का प्रयोग कर दिया गया, जिससे समरजहां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल समरजहां (माजिदा )को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुधारा संतकबीर नगर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों तथा परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते तीन दिनों से दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ था। हालांकि, किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि विवाद इतना बढ़ जाएगा कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ेगी। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सतर्क कर दिया गया है।

मामूली विवाद से शुरू हुई यह घटना अब हत्या के मामले में तब्दील हो गई है, जिसने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!