बस्ती में पुलिस पर गंभीर आरोप, पदाधिकारी से मारपीट व अवैध वसूली की शिकायत; सीओ सदर ने दिए जांच के आदेश

बस्ती। जनपद में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में चौकी इंचार्ज एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, संगठन के विधि प्रकोष्ठ के जिला मंत्री उमेश कुमार (एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्र) के साथ 4 मार्च 2026 को अस्पताल चौराहा चौकी इंचार्ज पवन कुमार मौर्य द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
आरोप है कि 8 मार्च को उमेश कुमार को थाना कोतवाली बस्ती बुलाकर बिना किसी स्पष्ट कारण के बैठाया गया और डांट-फटकार की गई। विरोध करने पर उन्हें थाने के लॉकअप में बंद कर गाली-गलौज की गई। साथ ही एक पुलिसकर्मी द्वारा कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारने और परिजनों से 20 हजार रुपये की मांग करने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले के हाई प्रोफाइल होने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की सुनवाई करने की बात कही। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर न्यायपूर्ण एवं विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस घटना को लेकर संगठन में आक्रोश व्याप्त है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

वहीं, पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक स्तर पर विस्तृत बयान का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!