बस्ती, 31 मार्च 2026
पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री यशवीर सिंह के आदेश पर, अपर पुलिस अधीक्षक श्री श्यामकांत के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्री सत्येंद्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में एंटी रोमियो स्क्वाड टीम द्वारा थाना लालगंज क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
महिला निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में टीम ने महादेवा, बनकटी, चंगेरवा पार्क, मंझरिया चौराहा व लालगंज कस्बा सहित विभिन्न भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति फेज-5 के तहत सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी जानकारी दी गई।
टीम ने हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 1098 व 108 के उपयोग के बारे में जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, ओटीपी चोरी, डिजिटल अरेस्ट और साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान करीब 20 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिनमें 5 को कड़ी चेतावनी दी गई, जबकि 4 मनचलों से माफीनामा भरवाया गया।
पुलिस ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और जनजागरूकता के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
