रुधौली। बजाज चीनी मिल रुधौली के इकाई प्रमुख डॉ. जे. पी. त्रिपाठी ने आज मिल परिसर में उन्नतशील गन्ना प्रजाति 16202 का बीज वितरण किया तथा गेट एवं केंद्र क्षेत्र के गांव महुआ डाबर में कृषक बृजलाल के खेत का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कृषक बृजलाल ने गन्ना के साथ साफसली खेती के तहत करेला और लौकी की बुवाई की है, जिससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 30 किलो लौकी और करेला प्राप्त हो रहा है। खास बात यह है कि खेत से ही सब्जियों की बिक्री भी हो रही है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय मिल रही है।
इसी तरह ग्राम सौरा खुर्द के कृषक रामकृष्ण ने गन्ना के साथ लोबिया, कद्दू और मूली की खेती की है। वहीं गन्ना क्रय केंद्र करहली अंतर्गत ग्राम गोइरी के कृषक ने गन्ने के साथ धनिया की साफसली खेती कर लगभग 20 हजार रुपये की आमदनी अर्जित की है। कृषक सूर्यनाथ ने बताया कि इस अतिरिक्त आय से गन्ना बुवाई की लागत पूरी तरह निकल गई।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि किसानों को गांव-गांव में गोष्ठियों के माध्यम से साफसली खेती के लिए जागरूक किया जा रहा है। इससे न केवल किसानों की आय बढ़ रही है, बल्कि खेत में नियमित सिंचाई, गुड़ाई और निराई होने से खरपतवार भी कम होता है, जिससे गन्ने का उत्पादन बेहतर होता है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे गन्ना के साथ बोड़ा, लौकी, टमाटर, मिर्च, धनिया, बैंगन, करेला आदि सब्जियों की खेती कर अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं। इकाई प्रमुख की इस पहल का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है और किसान तेजी से साफसली खेती अपना रहे हैं।
इस अवसर पर गेट इंचार्ज राजेश सिंह सहित क्षेत्रीय कृषक भी उपस्थित रहे।
