अयोध्या। वैशाख माह की पूर्णिमा यानी बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। तड़के सुबह करीब 4:00 बजे से ही श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू नदी में स्नान करना शुरू कर दिया। मान्यता है कि इस दिन स्नान और दान का विशेष महत्व होता है, जिससे पुण्य की प्राप्ति होती है।
दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे और सरयू में आस्था की डुबकी लगाकर मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे दिन धार्मिक गतिविधियों का क्रम जारी रहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सरयू घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों पर अस्थायी पुल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि स्नान के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर न केवल भारत बल्कि नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। सरयू स्नान के बाद श्रद्धालु विभिन्न मठ-मंदिरों में जाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। व्यवस्थाओं से संतुष्ट श्रद्धालु रामनगरी में मिली सुविधाओं की सराहना कर रहे हैं।
