बस्ती जनपद के तहसील छावनी क्षेत्र के ग्राम दुसरी में रास्ते एवं खलिहान की जमीन पर अवैध रूप से मोबाइल टावर लगाए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी प्रेम नारायण सिंह ने मंडलायुक्त बस्ती को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार गाटा संख्या 411, रकबा 0.299 हेक्टेयर, खलिहान की भूमि के रूप में दर्ज है, जबकि गाटा संख्या 408 राजस्व अभिलेखों में रास्ता दर्ज है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने मोबाइल टावर कंपनी को भ्रमित कर रास्ते की जमीन पर टावर स्थापित करा दिया और उससे किराया भी लिया जा रहा है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि उपजिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम द्वारा कराई गई पैमाइश में रास्ते की भूमि पर टावर बनाए जाने की पुष्टि हुई थी। मामले में तहसील स्तर पर धारा 67 के तहत कार्रवाई भी किए जाने की बात कही गई है, लेकिन अब तक टावर नहीं हटाया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि टावर हटाने की मांग करने पर विवाद और विरोध की स्थिति बन जाती है। साथ ही उन्होंने बताया कि दो दिन पहले टावर पर सोलर पैनल लगाए जा रहे थे, जिसकी सूचना 112 नंबर पर देकर काम रुकवाया गया।
पीड़ित ने मंडलायुक्त से रास्ते को खाली कराकर अवैध रूप से लगाए गए मोबाइल टावर को हटाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
