रुधौली में लाखों के आरओ प्लांट बने शोपीस, भीषण गर्मी में जनता बूंद-बूंद पानी को तरसी


बस्ती, जनपद के नगर पंचायत रुधौली में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए आरओ वाटर प्लांट कुछ ही महीनों में बदहाल हो गए हैं। भीषण गर्मी के बीच जनता को शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराने के दावे अब पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं। कई जगहों पर मशीनें बंद पड़ी हैं तो कहीं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। हालत यह है कि जिम्मेदार विभाग अब आरओ प्लांट की जगह मिट्टी का मटका रखकर लोगों को पानी पिलाने की कोशिश कर रहा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के निर्देशों के क्रम में मनोनीत सभासद विजय तिवारी ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए उप जिलाधिकारी रुधौली मनोज प्रकाश के साथ विभिन्न स्थानों पर लगे आरओ प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना शिव मंदिर के सामने स्थापित आरओ प्लांट, रुधौली-बखिरा मार्ग पर पुलिस बूथ के बगल लगा आरओ सेंटर तथा माँ सरघाट देवी मंदिर परिसर में लगा आरओ प्लांट पूरी तरह खराब और क्षतिग्रस्त पाया गया। निरीक्षण के बाद उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश ने नगर पंचायत ईओ को तत्काल जांच कराकर आरओ प्लांट सही कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
भीषण गर्मी में मुख्य चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को ठंडा पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को कोई सुविधा नहीं मिल रही, जबकि जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी नगर पंचायत की लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आरओ प्लांट दुरुस्त नहीं कराए गए तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!