पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के दिए निर्देश

बस्ती, पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने गन्ना विकास सर्वोदय इंटर कॉलेज, मुंडेरवा स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन में शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, सुव्यवस्थित प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्र एवं उसके आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों में उपलब्ध संसाधनों का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!