रुधौली। बजाज चीनी मिल रुधौली के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने मिल गेट एवं विभिन्न गन्ना क्रय केंद्रों से जुड़े गांवों चंगेरवा, सुकरौली, नरौली, बनगांव, कोमिया और बहादुरपुर में गन्ना प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को बरसात के मौसम का पूरा लाभ उठाते हुए गन्ने की फसल में एनपीके उर्वरक का छिड़काव करने की सलाह दी।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान में अच्छी वर्षा हो रही है, जिससे गन्ने की बढ़वार के लिए अनुकूल वातावरण बना हुआ है। किसान समय से एनपीके का प्रयोग कर उत्पादन बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बताया कि रोग एवं कीटों से फसल की सुरक्षा के लिए चीनी मिल द्वारा किसानों को कीट आकर्षण लैंप वितरित किए जा रहे हैं, जिससे हानिकारक कीटों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि मिल द्वारा किसानों को एनपीके, कोराजन, बटको तथा चक्रव्यूह जैसी कृषि उपयोगी दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसान अपने क्षेत्रीय फील्ड सुपरवाइजर अथवा चीनी मिल से संपर्क कर इनका लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान डॉ. त्रिपाठी ने कृषक रामनाथ, शिवपूजन चौधरी, जगदंबा, अंबिका चौधरी, जनार्दन यादव एवं घनश्याम यादव के गन्ना प्लाटों में लगाए गए लैंपों का भी जायजा लिया और उनके उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि चीनी मिल प्रत्येक किसान तक लैंप पहुंचाने का कार्य कर रही है। साथ ही ग्राम स्तरीय कृषक गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं फसल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने किसानों को जानकारी देते हुए कहा कि गन्ना सर्वे का कार्य अंतिम चरण में है। जिन किसानों का सट्टा लॉक है अथवा जो गन्ना विकास समिति के नए सदस्य बनना चाहते हैं, वे चार पासपोर्ट फोटो, खतौनी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति अपने क्षेत्रीय फील्ड सुपरवाइजर को उपलब्ध करा दें, ताकि उनका नया सदस्यता पंजीकरण एवं सट्टा लॉक खोलने की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके और भविष्य में गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला, गेट इंचार्ज राजेश सिंह, गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।
