दुकान लगाने के विवाद में दो लोग घायल, पीड़ितों ने पुलिस कार्रवाई की मांग की

रुधौली, बस्ती। क्षेत्र के ग्राम बभनी मिश्र निवासी अखिलेश, विंदेश पुत्र वंश बहादुर, जो केशवापुर चौराहे पर दुकान लगाते हैं, के साथ दुकान लगाने को लेकर विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, अमित कुमार एवं राकेश कुमार पुत्र लोकई निवासी ग्राम गुनवाखोर, थाना दुधारा, जनपद संतकबीर नगर से पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर विपक्षियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें अखिलेश और विंदेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने यूपी-112 पर सूचना देकर पुलिस से सहायता मांगी, लेकिन आरोप है कि कई घंटे बीत जाने के बावजूद न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एम्बुलेंस उपलब्ध हो सकी।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों की तलाश का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायलों ने संबंधित थाने में शिकायती पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की सहायता मिल जाती तो घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!