सामान्य से अधिक तापमान में गन्ना फसल की सिंचाई करें किसान : लवकुश सिंह चौहान

रुधौली। बजाज चीनी मिल रुधौली के महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान ने बहादुरपुर ब्लॉक के ग्राम सीस्वरी बदन सिंह, सीस्वरी रघुवीर सिंह, भरवलिया एवं करहली में गन्ना प्लांटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों को बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए फसल की उचित देखभाल करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तापमान सामान्य से काफी अधिक है, जिससे गन्ना फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में किसान अपने खेतों की नियमित सिंचाई करें तथा खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखें। उन्होंने सलाह दी कि सिंचाई एवं स्प्रे का कार्य शाम के समय किया जाए, जिससे पौधे पानी और पोषक तत्वों को बेहतर ढंग से ग्रहण कर सकें तथा उनका विकास सुचारु रूप से हो सके। साथ ही उर्वरक खाद का प्रयोग भी तभी करें जब खेत में पर्याप्त नमी हो।

इस अवसर पर वरिष्ठ गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि गन्ना सर्वेक्षण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने प्लॉट पर उपस्थित रहकर यह सुनिश्चित करें कि उनके गन्ने का सर्वे हो चुका है। साथ ही आवश्यक दस्तावेज फील्ड सुपरवाइजर को उपलब्ध करा दें, ताकि सट्टा लॉक होने की स्थिति में भी नए सदस्य के रूप में समिति में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

उन्होंने कहा कि चीनी मिल द्वारा गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे उन्हें सर्वे, सदस्यता और गन्ना विकास योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) अनिल कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी रंजीत सिंह सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!