तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला समेत चार घायल, 108 एम्बुलेंस की तत्परता से बची जान


बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कौड़ी कोयल खुर्द निवासी रंभा (25) पत्नी अमरनाथ अपने भाई सचिन के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। उनके साथ आदर्श (3 वर्ष) और अनीशा (5 वर्ष) भी मौजूद थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी, जिससे चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे में रंभा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि सचिन तथा दोनों बच्चों को भी चोटें पहुंचीं। घटना के तुरंत बाद सचिन ने 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एम्बुलेंस संख्या UP32FG0836 पर तैनात पायलट घनश्याम वर्मा एवं ईएमटी रंजीत कुमार ने महज 12 मिनट में 8 किलोमीटर की दूरी तय कर घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायलों को सुरक्षित एम्बुलेंस में शिफ्ट किया और जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए।

रास्ते में घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम में तैनात ईआरसीपी चिकित्सक डॉ. सुरेन्द्र के मार्गदर्शन में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की मदद से प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि समय पर मिली चिकित्सा सहायता और 108 एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता से सभी घायलों की हालत में काफी सुधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!