संत कबीर नगर ,
गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पीजी कॉलेज भुजैनी में 5 सितंबर 2025 को महान दार्शनिक और भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने मां सरस्वती और डॉ. राधाकृष्णन की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित करते हुए किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य महोदय ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने अपना अधिकांश जीवन भारतीय शिक्षा और दर्शन को समृद्ध बनाने में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का परिणाम एक मुक्त और रचनात्मक व्यक्ति होना चाहिए जो ऐतिहासिक और प्राकृतिक चुनौतियों का सामना कर सके।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल तथ्यों को जानना नहीं है, बल्कि मूल्यों को समझते हुए जीवन जीने का कौशल भी सीखना है। डॉ. विनीत कुमार गौड़ ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन न केवल शिक्षा और दर्शन पर आधारित था, बल्कि मानवता, नैतिकता और आध्यात्मिक मूल्यों पर भी केंद्रित था। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राधाकृष्णन के योगदान और शिक्षकों के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
