उन्नतशील गन्ना प्रजातियों का बीज वितरण जारी, कम लागत में अधिक उत्पादन पर जोर


बस्ती /जनपद में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में बजाज चीनी मिल रुधौली द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिल गेट एवं विभिन्न केंद्रों पर उन्नतशील एवं अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना प्रजाति 16202 और 14201 का बीज किसानों को उनकी मांग के अनुसार तत्काल उपलब्ध कराया जा रहा है।
आज मिल गेट के साथ-साथ केंद्रों के अंतर्गत ग्राम गोइरी, भोयर उपाध्याय और चिलमा गौसपुर में किसानों को गन्ना बुवाई हेतु बीज वितरित किया गया। इस अवसर पर सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि यह कार्य इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी के निर्देशानुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन दिलाने के उद्देश्य से उन्नतशील प्रजातियों की बुवाई को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि बुवाई के बाद पेड़ी एवं पौधों के प्लॉट का सुबह-शाम नियमित निरीक्षण अवश्य करें, ताकि समय रहते रोग एवं कीट की पहचान की जा सके। यदि किसी प्रकार का प्रकोप दिखाई दे, तो तुरंत चीनी मिल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का प्रयोग करें।
साथ ही किसानों को ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई करने की सलाह दी गई। इस विधि से सिंचाई में लागत कम आती है, जंगली जानवरों से फसल को कम नुकसान होता है तथा गन्ना गिरने की समस्या भी कम होती है, जिससे उत्पादन में वृद्धि होती है।
मिल के फील्ड सुपरवाइजर लगातार गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक कर रहे हैं और पेड़ी व पौधों का निरीक्षण कर आवश्यक सलाह दे रहे हैं।
इस दौरान किसान सूर्यनाथ चौधरी, रामबहोर चौधरी, विशंभर यादव, जगदंबिका सिंह, अभिमन्यु यादव और जामवंत यादव सहित कई किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!