पृथ्वी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य- विनोद कुमार उपाध्याय
बस्ती। विश्व पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली एवं युवा विकास समिति, बस्ती द्वारा पर्यावरण संरक्षण में भूमिका निभा रहे जनपद के जागरूक किसानों और आमजन के साथ इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” पर युवा चेतना पुस्तकालय में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रेस क्लब अध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय ने कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित रखना केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। यदि हम आज जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा।
विशिष्ट अतिथि अजीत कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
नेचुरोपैथी चिकित्सक डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि मानव स्वास्थ्य और पृथ्वी का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। स्वच्छ वातावरण, शुद्ध जल और हरियाली ही स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने तथा रासायनिक प्रदूषण को कम करने पर बल दिया।
बायर डायरेक्ट डीएसआर के जिला समन्वयक प्रिंस यादव ने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देना चाहिए। जैविक खेती, जल संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के प्रयास पृथ्वी को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में प्रगतिशील कृषक राम मूर्ति मिश्र, परमानन्द सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, अहमद अली, राम पूरन चौधरी, राकेश कुमार पाण्डेय, राजेन्द्र सिंह, बबिता गौतम, माधुरी, जया शुक्ल एवं अयांश शुक्ल ने भी पृथ्वी संरक्षण के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों और अनुभवों को साझा किया।
इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अनुराग श्रीवास्तव, बृहस्पति, स्कन्द, संजय कुमार गौतम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
