रोग एवं कीट के प्रति सतर्क रहें किसान, नहीं तो उत्पादन पर पड़ेगा असर



बस्ती।
बजाज चीनी मिल रुधौली क्षेत्र के बहादुरपुर ब्लॉक के कई गांवों में गन्ना फसल को रोग एवं कीटों से बचाने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। चीनी मिल के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी के निर्देश पर यह अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे किसानों के खेतों पर पहुंचकर फसल का निरीक्षण किया और उन्हें रोग एवं कीट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बढ़ते तापमान के कारण गन्ना फसल पर रोग एवं कीटों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे सुबह और शाम नियमित रूप से अपने खेतों की निगरानी करें, ताकि समय रहते रोग या कीट की पहचान हो सके। यदि फसल में किसी प्रकार का रोग दिखाई दे, तो तत्काल चीनी मिल के सुपरवाइजर या संबंधित अधिकारी से संपर्क कर निर्धारित दवाओं का प्रयोग करें।
साथ ही उन्होंने सिंचाई, पेड़ी प्रबंधन, गुड़ाई, निराई और खाद के संतुलित उपयोग पर विशेष ध्यान देने की बात कही, जिससे गन्ना उत्पादन में वृद्धि हो सके। उन्होंने बताया कि किसानों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव में कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है।
चीनी मिल द्वारा किसानों को अगेती प्रजाति के गन्ने का बीज भी लगातार वितरित किया जा रहा है, जिससे अधिक उत्पादन प्राप्त हो सके।
इस दौरान कृषक लालता प्रसाद, कोदई दुबे, सुरेश चंद्र पांडे, अभिमन्यु पांडे, जनार्दन यादव एवं शिवपूजन यादव सहित कई किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!