रुधौली (बस्ती)। बजाज चीनी मिल रुधौली के इकाई प्रमुख डॉ. जे.पी. त्रिपाठी ने सोमवार को महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान एवं गेट इंचार्ज राजेश सिंह के साथ गेट एवं केंद्र क्षेत्र के ग्राम नरकटिया, कसैला, अरदा और पिकोरा में गन्ना फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान पेड़ी एवं पौधे की फसल का जायजा लेकर किसानों को रोग एवं कीट नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. त्रिपाठी ने किसानों से कहा कि बढ़ते तापमान और मौसम में बदलाव को देखते हुए खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखें तथा प्रतिदिन सुबह-शाम फसल का निरीक्षण करें। यदि किसी भी प्रकार का रोग या कीट दिखाई दे तो तत्काल अपने फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क कर चीनी मिल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही दवा का उपयोग करें, ताकि समय रहते फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मानसून सत्र में कम से कम आधा बीघा या एक बीघा क्षेत्र में गन्ने की बुवाई अवश्य करें। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से 30 अगस्त तक मानसूनी गन्ना बुवाई का उपयुक्त समय है, जिससे बेहतर अंकुरण, अधिक उत्पादन और बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होने की संभावना रहती है।
महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान ने कहा कि बजाज चीनी मिल किसानों के हित में अनेक लाभकारी योजनाएं संचालित कर रही है। किसानों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए आधुनिक खेती अपनानी चाहिए।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि चीनी मिल द्वारा गांव-गांव कृषक गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही कीटनाशक दवाएं, जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए जाल, लैंप तथा अन्य आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से प्रदेश सरकार एवं चीनी मिल की योजनाओं की जानकारी अपने फील्ड सुपरवाइजर अथवा गन्ना विकास समिति से प्राप्त कर उनका लाभ लेने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय कृषक संतराम, रामबचन, रामबहोर, शिवपूजन चौधरी, जगदंबा सिंह चौहान, अंबिका सिंह, धर्मेंद्र यादव, विश्वनाथ सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
