रुधौली, बस्ती। बजाज फाउंडेशन के अध्यक्ष शिशिर बजाज को भारतीय उद्योग, विशेषकर चीनी एवं एथेनॉल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, ग्रामीण विकास के प्रति समर्पण तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘महाराष्ट्र गौरव सम्मान’ से सम्मानित किए जाने पर क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर बजाज चीनी मिल रुधौली के सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने ग्राम सीस्वरी, रमवापुर और जलालपुर में किसानों की गोष्ठी आयोजित कर मिष्ठान वितरण किया तथा शिशिर बजाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बजाज समूह वर्षों से किसानों के हित, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। समूह के उद्योगों से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है, जिससे लाखों परिवारों की आजीविका जुड़ी है।
किसानों ने शिशिर बजाज को महाराष्ट्र गौरव सम्मान मिलने को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
गोष्ठी में ग्राम प्रधान संजय पांडे, नंदू मिश्रा, राम लखन, संदीप मिश्रा, अग्नि चौधरी, राम बहोर चौधरी, रामनाथ चौधरी, शिवकुमार, विजय कुमार पांडे, धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
